पुरानी रंजिश में गोली चली, मासूम की मौत

चौसा,मधेपुरा/ पहले से चले आ रहे विवाद को लेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोली चला दी। गोली लगने से मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना थाना क्षेत्र रसलपुर धुरिया पंचायत के धुरिया सौतारी टोला में मंगलवार सुबह की है। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। मृतका की पहचान धुरिया सौतारी निवासी विजय यादव की पुत्री सुहानी कुमारी (3 साल) के रूप में हुई है।

मृतका के दादा महेंद्र यादव ने बताया कि मंगलवार सुबह में करीब 7 बजे वह हल लेकर खेत जोतने चले गए। वहां गांव के ही अशोक यादव की पत्नी खेत जोतने से मना करने लगी। उसका कहना था कि पूर्व में गोलीकांड के मुकदमे में दो लाख रुपए खर्च हुआ है। दो लाख रुपए देने के बाद ही खेत जोतने दिया जाएगा। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी होने लगी। इस बीच उनक पुत्र विजय यादव और उसकी बेटी सुहानी कुमारी भी वहां आ गई। कहासुनी के बीच ही अशोक यादव पक्ष की ओर से विजय पर गोली चलाई गई। गोली विजय को नहीं लग कर पास खड़ी सुहानी के दाहिना पंजरे और पीछे से गला के पास जा लगी। खून से लथपथ सुहानी को सीएचसी लाया गया लेकिन डॉ. राकेश कुमार ने सुहानी को मृत घोषित कर दिया।

जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष किशोर कुमार, अवर निरीक्षक विनय शंकर प्रसाद पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और पीड़ित पक्ष से घटना की जानकारी ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है।

Comments (0)
Add Comment