मशाला व्यवसायी गोलीकांड में तीन गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों के पास से देशी कट्टा, गोली और स्मैक बरामद

मधेपुरा। पुलिस ने मशाला व्यवसायी गोलीकांड में तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक देशी कट्टा, दो गोली, एक मोबाइल और 5 ग्राम स्मैक भी बरामद किया है। सदर एसडीपीओ अजय नारायण यादव ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बताया कि 30 अगस्त को शाम करीब 4 बजे अरार ओपी के कलहोता टोला करहरा वार्ड 5 निवासी मशाला व्यवसायी लालो मंडल बाइक से मुरलीगंज थाना के बेलो चामगढ़ जा रहा था। पोखराम धार मुसहरी के पास अपराधियों ने उसे गोली मार दी थी। इस मामले में लालो ने मुरलीगंज थाना में केस दर्ज किया था। जांच और छापामारी के क्रम में शुक्रवार को घटना के मुख्य शूटर मुरलीगंज थाना के पोखराम धार मुसहरी निवासी चन्दन ऋषिदेव को गिरफतार किया गया। इसी बीच मुरलीगंज थाना को सूचना मिली कि टपरा नहर पुल के पास दो-तीन अपराधी जुटे हुए हैं। पुलिस टपरा टोल नहर पुल के पास पहुंची तो बाइक सवार तीन युवक भागने का प्रयास करने लगे। जवानों ने खदेड़ कर दो युवकों को पकड़ लिया। एक युवक भाग गया। पकड़े गए युवकों की पहचान मुरलीगंज थाना के पकिलपार वार्ड 1 के रोहित कुमार और पूर्णिया जिला के जानकीनगर थाना के महोरिया वार्ड 11 के अरविन्द कुमार के रूप में हुई है। पकड़े गए युवकों ने भागने वाले युवक की नाम पकिलपार वार्ड 1 का आशीष कुमार बताया। तलाशी लेने पर रोहित कुमार के पास से गोली सहित एक देशी कट्टा और उसकी पैंट की जेब से एक गोली और मोबाइल मिला। अरविन्द कुमार की हाफ पैंट की जेब से पुड़िया में लिपटा मादक पदार्थ 5 ग्राम स्मैक और पीने वाला सिलवर रंग का दो पीस छोटा रैपर बरामद हुआ। केस दर्ज कर गिरफतार युवकों से पूछताछ की जा रही है।

Comments (0)
Add Comment