सरकारी राशि हजम करने के मामले में तत्कालीन महिला मुखिया गिरफ्तार

उदाकिशुनगंज, मधेपुरा/ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर पंचायत के लक्ष्मीपुर गांव में नलकूप के जीर्णोद्धार कार्य की राशि हजम करने के मामले में तत्कालीन मुखिया शबनम देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर योजना में चार लाख 30 हजार रुपए गबन करने का आरोप है। इसे लेकर जून महीने में तत्कालीन मुखिया शबनम देवी पर मामला दर्ज हुआ था। मामला लघु सिंचाई प्रमंडल मधेपुरा के कनीय अभियंता सुबोध कुमार ने दर्ज कराया था।

दर्ज मामले में कनीय अभियंता ने बताया है कि वर्ष 2019 -20 में लक्ष्मीपुर पंचायत अंतर्गत लक्ष्मीपुर गांव में मध्य विद्यालय के समीप अवस्थित नलकूप के जीर्णोद्धार कार्य के लिए राजकीय नलकूप योजना अंतर्गत ग्राम पंचायत (मुखिया) के खाते में आन लाईन चार लाख तीस हजार रूपए का भुगतान 30 अगस्त 2019 को किया गया। मुखिया द्वारा राशि उठाव करने के बाद थोड़ा बहुत काम किए। उसके बाद बचे राशि को न तो सरकार के खाते में जमा किया और न ही काम पूरा किया।कार्य पूरा किए बिना सारी राशि हजम कर गए। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने मंगलवार की सुबह तत्कालीन महिला मुखिया को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी उसके घर पर से की गई। गौरतलब हो कि अब यह पंचायत को विलोपित कर नगर परिषद के दायरे में समाहित कर दिया गया है।

Comments (0)
Add Comment