हाजत में बंद आरोपी आ गया फेसबुक पर लाइव, कहा मुझे जबरन किया गया गिरफ्तार

सिमरीबख्तियारपुर, सहरसा/ सहरसा में एक वीडियो अभी वायरल है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना का है। वीडियो में एक व्यक्ति हाजत में बंद दिख रहा है और फेसबुक पर लाइव आकर कह रहा है कि पुलिस ने उसे जबरन गिरफ्तार किया है और हाजत में बंद कर दिया है।

जानकारी अनुसार जिले के बनमा ईटहरी ओपी क्षेत्र के महारस पंचायत के वर्तमान पैक्स अध्यक्ष नीरज कुमार निराला के द्वारा बीते दिनों बनमा ईटहरी प्रखंड कर्मी के साथ गाली गलौज सहित जबरन प्रखंड कार्यलय में तालाबंदी किया गया था। साथ ही बनमा पुलिस के साथ धक्का मुक्की भी किया गया था। जिसके बाद बीडीओ रवि कुमार ने वर्तमान पैक्स अध्यक्ष के ऊपर प्राथमिक दर्ज कराया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही थी। शुक्रवार को बनमा पुलिस ने आरोपी पैक्स अध्यक्ष को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार कर बनमा ईटहरी के बजाय सिमरी बख्तियारपुर थाना लाया गया और लाने के साथ ही हाजत में बंद कर दिया गया।

ताज्जुब की बात यह रही कि आरोपी को हाजत में बंद करने से पहले मोबाइल सहित सारा सामान बाहर नही रखा गया। आरोपी को जब हाजत में बंद किया गया तो आरोपी ने अपने फेसबुक से लाइव आकर वीडियो शुरु किया। लाइव वीडियो में उन्होंने कहा भी है कि बख्तियारपुर थाना के द्वारा जबरन उसे हाजत में बंद कर दिया गया है। 

वहीं इस संबंध में जब बख्तियारपुर थाना अध्यक्ष कृष्ण कुमार से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी नही है। जानकारी ली जा रही है।हालांकि इस वायरल वीडियो की पुष्टि हम नही करते है।

Comments (0)
Add Comment