प्रखंड प्रमुख व उपप्रमुख पर अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन

अफजल राज/पुरैनी ,मधेपुरा/प्रखंड क्षेत्र के कुल 12 पंचायत समिति सदस्यों में से 07 ने मंगलवार को प्रखंड प्रमुख नवीता कुमारी व उपप्रमुख शंभू साह के विरुद्ध अविश्वास से संबंधित आवेदन पत्र प्रखंड विकास पदाधिकारी अरूण कुमार सिंह को सौंपा। प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिए गए आवेदन में पंचायत समिति सदस्यों ने प्रखंड प्रमुख व उपप्रमुख के रवैए पर असंतोष जताया है।

पंचायत समिति सदस्यों ने प्रखंड प्रमुख व उपप्रमुख पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रखंड प्रमुख व उपप्रमुख के द्वारा विभागीय पत्र एवं नियमों की अनदेखी कर योजना चयन एवं क्रियान्वयन में भेदभाव किया जाता है। पंसस सदस्यों ने दोनों पर आरोप लगाते हुए कहा कि पंचायत समिति की बैठक निर्धारित समय पर नहीं की जाती है। पंचायत समिति की बैठक को लेकर कभी भी सजगता एवं तत्परता नहीं दिखाई जाती है। यह पद और गरिमा के विपरीत प्रतीत होता है।

पंसस सदस्यों ने प्रखंड प्रमुख पर लोक आचरण के विपरीत पंचायत समिति सदस्यों के मर्यादा के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया है। दोनों पर प्रखंड कार्यकारिणी के गठन नियम के विरुद्ध करने का आरोप लगाया है।

प्रखंड विकास पदाधिकारी के समक्ष पंचायत समिति सदस्य रेखा पंडित,पवन गोस्वामी, मोo नासिर, पुष्पा कुमारी, अंशु कुमार सिंह, बीबी सलीमा, मंजीत कुमार ने अपनी उपस्थिति दी। वहीं अन्य पंचायत समिति सदस्यों ने निजी कारणों से व्यस्त रहने का हवाला देते हुए उपस्थित नहीं हुए।

इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी अरूण कुमार सिंह ने बताया कि प्रखंड प्रमुख व उपप्रमुख की अनुपस्थिति में कुल 07 सदस्यों ने प्रखंड कार्यालय में उपस्थित होकर हस्ताक्षर करते हुए दोनों के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन सौंपा। उन्होंने बताया कि आवेदन में कुल 07 पंचायत समिति सदस्यों का हस्ताक्षर है। इससे संबंधित पत्र प्रखंड प्रमुख के साथ-साथ अनुमंडल पदाधिकारी उदाकिशुनगंज, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मधेपुरा को भेजा गया है।

वहीं प्रखंड प्रमुख नविता कुमारी ने बताया कि लोकतंत्र में अविश्वास प्रस्ताव लाना कोई बड़ी बात नहीं है। मैंने हमेशा ही विकास कार्यों को प्रमुखता दी है। साथ ही घूसखोरी को बंद किया है। एक दिन पहले 7 पंसस सदस्यों ने हमारे कार्यों पर विश्वास जाता है, फिर आज यह सारे आरोप राजनीति नहीं तो और किया है।

Comments (0)
Add Comment